सत्र 2024-25 में चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में एंट्री क्लास में दाखिले के लिए अभिभावक सात से 20 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने प्री-प्राइमरी कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया के लिए स्कूल को निर्देश जारी किए हैं।
नए सत्र में प्री प्राइमरी लेवल एक, दो और तीन के लिए दाखिला प्रक्रिया सात दिसंबर से शुरू होकर दो फरवरी तक चलेगी। इससे पूर्व सभी सरकारी स्कूलों को छह दिसंबर तक वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर दाखिला संबंधी सारी जानकारी उपलब्ध करानी होंगी। इसमें दाखिले की तारीख, स्कूल में उपलब्ध सीटें, कक्षा अनुसार बच्चे की आयु, फीस स्ट्रक्चर, जरूरी दस्तावेज, ड्रॉ की तारीख आदि जानकारी सम्मिलित रहेगी।
अभिभावक स्कूल की वेबसाइट से प्रवेश के लिए नि:शुल्क फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। 16 जनवरी को योग्य बच्चों की सूची प्रकाशित की जाएगी। अंतिम सूची दो फरवरी को जारी होगी। दाखिले के लिए नई शिक्षा नीति के तहत तय की गई उम्र सीमा रहेगी।
स्कूल को अपनी वेबसाइट पर आवेदन की आखिरी तारीख के बाद फॉर्म भरने वाले बच्चों की संख्या उपलब्ध करानी होगी। साथ में दाखिला प्रक्रिया समाप्त होने के बाद उम्र अनुसार एंट्री क्लास के लिए चुने गए बच्चे की जानकारी देनी होगी। प्री-प्राइमरी लेवल एक में तीन से चार वर्ष, प्री-प्राइमाी लेवल दो में चार से पांच और लेवल तीन में पांच से छह वर्ष की आयु के बच्चे को लिया जाएगा। अधिक स्पष्टीकरण के लिए अभिभावक स्कूल से जानकारी ले सकते हैं।