चंडीगढ़। उच्च शिक्षा विभाग ने शहर के 11 निजी और सरकारी कॉलेजों में चल रहे यूजी के केंद्रीकृत और गैर केंद्रीकृत कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन की तिथि 28 जून तक बढ़ा दी है। बता दें कि वीरवार को विभिन्न कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन करने का अंतिम दिन था। विवरण पत्रिका समिति की प्रमुख प्रो. संगम कपूर ने बताया कि डीएचई की वेबसाइट पर संशोधित कार्यक्रम अपडेट कर दिया गया है। अभी तक बारहवीं ओपन बोर्ड का परीक्षा परिणाम जारी नहीं हुआ है, ऐसे में ये विद्यार्थी दाखिले से वंचित रह जाएंगे, इसे देखते हुए तारीख बढ़ाई गई है। इसी सप्ताह बारहवीं की परीक्षा का परिणाम आने की संभावना है।
बीकॉम और बीसीए की कुल सीटों से पांच गुना अधिक आवेदन मिले
शहर के 11 सरकारी और निजी कॉलेजों में 9 जून से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया के तहत कई कोर्सेज में अब तक सीटों से दोगुना और कई में 4 गुना अधिक आवेदन हासिल हो चुके हैं। उच्च शिक्षा विभाग के पास अभी तक सभी कोर्सेज में 17888 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। बीकॉम और बीसीए के लिए सीटों से 5 गुना अधिक आवेदन हासिल हुए हैं। इस बार भी शहर के कॉलेजों में इन कोर्सेज में दाखिले के लिए मारामारी होगी। कालेजों में बीकॉम की 2310 सीटों पर 5206 आवदेन, बीसीए में 880 सीटों पर 4228 और बीबीए में 520 सीटों पर 3716 आवदेन जमा हो गए हैं। बीएससी मेडिकल में 735 और नॉन मेडिकल में 733 सीटें हैं।
यूजी कोर्सेज के लिए दाखिले का संशोधित कार्यक्रम
आवेदन का आखिरी दिन - 28 जून
आवेदकों की सूची जारी करने का दिन - 30 जून
कॉलेजों को कमियों की जानकारी देने की समय - एक जुलाई, शाम 5 बजे
प्रोविशनल मेरिट लिस्ट जारी करने का दिन - 5 जुलाई, शाम 5 बजे
कॉलेज आवंटन के साथ प्रोविजनल लिस्ट जारी (केंद्रीकृत कोर्सेज) - 7 जुलाई, दोपहर 12.30 बजे
दाखिला शुरू - 10 जुलाई , सुबह 9 बजे
85 प्रतिशत शहर के विद्यार्थियों के लिए सीटें आरक्षित
चंडीगढ़ के सरकारी व निजी कालेजों में 85-15 के अनुपात पर दाखिला होता है। कॉलेजों में 85 फीसदी सीटें शहर के स्कूलों से ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं, जिसे यूटी पूल कहा जाता है। वहीं 15 फीसदी सीटें दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों के लिए हैं, जिसे जनरल पूल कैटेगरी तहत रखा जाता है। दाखिले के लिए उम्मीदवार एक साथ तीन से पांच कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने मोबाइल नंबर और ई-मेल आईटी की जानकारी उपलब्ध करवानी है, दाखिले संबंधी सूचना इसी पर दी जाएगी।
इन कॉलेजों में होगा दाखिला
पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज-11, पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स-11, पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स-42, पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज-46, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन-50, डीएवी कॉलेज-10, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज-26, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन-26, एसडी कॉलेज-32, एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमन-36, देव समाज कॉलेज फॉर वुमन-45 शामिल हैं।