चंडीगढ़। साल 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री के आवास घेराव के दौरान पुलिस से झड़प मामले में शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया समेत अन्य अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ जिला अदालत में केस चल रहा है। इस मामले में शनिवार को बिक्रम मजीठिया, कनवरजीत सिंह उर्फ रोजी बरकंदी, परम बैंस सिंह रोमाणा, पवन कुमार, दलजीत सिंह, सुरजीत सिंह, महेश इंद्र सिंह, बलविंदर सिंह, एनके शर्मा और प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा सहित अन्य आरोपियों की पेशी थी, लेकिन जज के छुट्टी पर होने के चलते इनकी पेशी नहीं हो पाई। अब 18 नवंबर को सुनवाई होगी। यह मामला चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अमन इंद्र सिंह की अदालत में चल रहा है।
बता दें कि साल 2021 में पंजाब में महंगाई और 1984 दंगों के विरोध में शिअद नेता व कार्यकर्ता चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस को इन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और कुछ नेताओं को हिरासत में लेना पड़ा था। पुलिस के साथ हुई झड़प के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने बिक्रम मजीठिया समेत अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था।