कहा-पिछले छह दिन में किसानों ने जो त्रासदी झेली है, उसका हर्जाना सरकार दे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपप्रधान अनुराग ढांडा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर किसानों के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किसान बहुत परेशान हैं। पिछले 6 दिनों से मंडियों में धान की खरीद नहीं हो रही है, जिससे मंडियों में पड़ा हजारों टन धान बारिश में भीग गया और अब खरीदार कह रहे हैं कि धान में नमी है इसलिए नहीं खरीदा जा सकता। अब सरकार की एक्सपोर्टर के साथ सहमति बन गई है लेकिन पार्टी सरकार से मांग करती है कि पिछले 6 दिनों में किसानों को जो त्रासदी झेलनी पड़ी है, सरकार उन किसानों के खाते में पूरा पैसा पहुंचाने का काम करे। इसके अलावा किसानों का जो धान भीग गया है और उसमें नमी आ गई है, उसकी खरीद की कीमत में किसी प्रकार का कट न लगे।
उन्होंने कहा कि अब मंडियों में नया सिलसिला शुरू हो जाएगा, जिसमें किसानों को कहा जाएगा कि धान में नमी है, जिसकी वजह से कट लगेगा या खरीदेंगे नहीं। इस अव्यवस्था के लिए किसान नहीं सरकार जिम्मेदार है। यदि सरकार ने शेड की व्यवस्था नहीं की, समय पर उठान नहीं हुआ और समय पर खरीदी नहीं हुई तो इसकी जिम्मेदार सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से जो डीएपी बांटा जा रहा है, वह पानी में सही से घुलता नहीं है, जिसकी वजह से डीएपी असर नहीं करता। इस अवसर पर कांग्रेस एससी सेल की उपप्रधान बीबो इंदौरा, हरियाणा विकास पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष संजय बिश्नोई, रतिया विधानसभा से कांग्रेस यूथ विंग के महासचिव विक्रम सिंह, भीखेवाला से मौजूदा सरपंच बलजीत नैन कांग्रेस छोड़कर, पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य वेदपाल, नरवाना के गांव गुरथली से बलबीर सिंह, धमतान साहिब से रामकला भाजपा छोड़कर और कैथल के गांव शिमला से पूर्व सरपंच रामकुमार ने जजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन की।