कहा- यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र के हजारों किसानों को मुआवजा न जमीन वापस मिली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ उपप्रधान अनुराग ढांडा ने मंगलवार को हरियाणा के यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और अंबाला में घटते पानी के स्तर को लेकर सरकार पर निशाना साधा। ढांडा ने आरोप लगाया कि सरकार ने उत्तरी हरियाणा की लाइफ लाइन को खत्म कर दिया है। लेकिन अब तक हजारों किसानों को न तो मुआवजा मिल पाया और न ही उनकी जमीन वापस मिली है।
यहां आयोजित प्रेसवार्ता में ढांडा ने कहा कि दादुपूर नलवी कैनाल महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट था। 1987 में शुरुआत के बाद ये प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद 2004 में तीनों जिलों के 2000 किसानों की 926 एकड़ जमीन को अधिग्रहण के लिए नोटिफाई किया गया। इस पूरे प्लान का पहला फेज 2009 में साढ़े 11 किलोमीटर का पूरा हुआ। जिसका उद्देश्य वाटर टेबल को रिचार्ज करना था। सीएजी की रिपोर्ट में बताया गया है कि 2009 में इस प्लान को पूरा करने के बाद जब पानी छोड़ा गया तो क्षेत्र में 30 फुट तक जल स्तर में वृद्धि हुई। लेकिन सरकार ने 2000 किसानों को 926 एकड़ जमीन का मुआवजा नहीं दिया। इसके बाद 5 मई 2016 को कोर्ट ने आदेश दिया कि 2887 रुपये पर स्क्वायर मीटर यानी सवा करोड़ रुपये प्रति एकड़ मुआवजा किसानों को दिया जाए। लेकिन आज भी किसान मुआवजे के लिए भटक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2018 तक कैनाल में पानी भी छोड़ा गया, वाटर टेबल रिचार्ज भी हुआ और खेती के लिए किसानों को पानी भी सप्लाई किया गया। इसके बाद सरकार ने बिना कोई कारण बताए अगस्त 2018 में जमीन को डी नोटिफाई कर दिया कि उनको अब ये जमीन नहीं चाहिए। इस मौके पर पंचकूला जिला अध्यक्ष रंजीत उप्पल, प्रदेश सचिव यूथ विंग मोना सिवाच, डॉ. अनिल रंगा, करण सिंह धनखड़, अनिल पंजेटा, करणवीर लौट और सुभाष कंबोज भी मौजूद रहे।
बाक्स
कई नेता आप में शामिल
इस दौरान बाढ़ड़ा विधानसभा के गांव झोझु कलां से ब्लॉक समिति की वाइस चेयरमैन उषा रानी, गांव मकड़ाना से कपिल फौगाट ने इनेलो छोड़कर, गांव दातोली से धर्मेंद्र पहल कांग्रेस छोड़कर और गांव चिड़ियां से वसंत कुमार भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। इसके अलावा कैथल के गांव पाड़ला से हरियाणा विकास पार्टी के पूर्व प्रत्याशी मनीराम, पूर्व सरपंच बलबीर सिंह, कांग्रेस छोड़कर भल्ला राम आदि ने आप ज्वाइन की।