चंडीगढ़। सेक्टर-पांच निवासी कारोबारी कुलदीप मक्कड़ के घर पर 19 जनवरी को फायरिंग करने के मामले में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का एक और गुर्गे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिला अपराध शाखा और सेक्टर-तीन थाना पुलिस ने पटियाला के गांव जाखेपाल नौगांव निवासी काशी सिंह उर्फ हैरी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इससे पहले पुलिस गुरविंद्र सिंह उर्फ लाडी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। रिमांड के दौरान लाडी से वारदात में प्रयोग की गई बाइक और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।कुलदीप मक्कड़ को कुछ दिन पहले एक फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया था और उससे करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी थी। मक्कड़ ने इसको अनदेखा कर दिया। 19 जनवरी की अलसुबह बाइक पर सवार होकर दो युवक उसके घर पर आए और पांच गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद आरोपी भाग गए। कुलदीप की शिकायत पर सेक्टर-तीन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।