चंडीगढ़। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सचिन यादव की अदालत ने मंगलवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान, पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी डॉ. सन्नी आहलूवालिया, राजविंदर गिल और अर्शदीप सिंह को पुलिस पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने के चार साल पुराने मामले में बरी कर दिया।
विज्ञापन
यह मामला 4 अगस्त 2021 का है, जब आप नेताओं ने सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय को घेरने की कोशिश की थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके दौरान झड़प हो गई और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद थाना सेक्टर-39 में मामला दर्ज किया गया था।
करीब चार साल चली सुनवाई के बाद अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा इसलिए सभी आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी किया जाता है। इस फैसले से अनमोल गगन मान और अन्य तीनों नेताओं को बड़ी राहत मिली है। मामला 2021 से अदालत में लंबित था।