स्वच्छता अभियान में कारगर भूमिका निभाने वाली हरियाणा की मीनू अब दूरदर्शन पर आने वाले धारावाहिक ‘सफर मंजिलों का’ में स्वच्छता का संदेश देंगी। हाल ही में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मीनू देवी का स्वच्छता चैंपियन के रूप में चयन किया गया है। इस धारावाहिक का विश्व के 170 देशों में प्रसारण हो रहा है। यह धारावाहिक फरवरी माह में प्रसारित होगा। बॉलीवुड अभिनेता मनोज वाजपेयी के साथ इस एपीसोड की मुंबई में शूटिंग की जा रही है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान के तहत पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय के विभिन्न कार्यक्रमों के तहत खुले से शौच मुक्त अभियान प्रमुख है।
इस अभियान के दौरान गांवों में शौचालय का निर्माण करवाया गया और लोगों को खुले में शौच नहीं जाने के लिए जागरूक किया गया। जिले में उपायुक्त अंशज सिंह के मार्गदर्शन में अभियान पुरजोर चलाया गया। यहां तक उपायुक्त के साथ-साथ एसडीएम सतीश कुमार ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। परिणाम स्वरूप जिले में समय-समय पर किए गए सर्वेक्षण स्वच्छता दर्पण में राष्ट्रीय स्तर पर पहला और स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण में हरियाणा प्रदेश नंबर वन पर रहा है। यह भी इस एपीसोड में दर्शाया जाएगा।
कपिल के शो की तरह मीनू ने किया स्वच्छता के प्रति जागरूक
गांव बोहल निवासी मीनू देवी ने इस स्वच्छता अभियान में बढ़चढ़ कर भागीदारी की। उन्होंने कपिल शर्मा के शो की तरह गांव में कार्यक्रम किए और महिलाओं से सवाल-जवाब कर उनको खुले में शौच नहीं जाने और गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. संगीता तेतरवाल ने कहा कि यह मीनू की मेहनत का परिणाम है और वह अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनी हैं। वहीं मीनू देवी ने बताया कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि उनका स्वच्छता चैंपियन के रूप में चयन हुआ है और वे एक ऐसे एपीसोड का हिस्सा बनी हैं, जिसके माध्यम से वे पूरी दुनिया में स्वच्छता का संदेश देंगी। इससे उनका मनोबल और अधिक बढ़ा है।