चंडीगढ़। रोज फेस्टिवल कराने के लिए एक निजी एजेंसी ने रुचि दिखाई है। आवेदन आ चुका है लेकिन नगर निगम अन्य एजेंसियों के आवेदन का भी इंतजार कर रहा है। इसे लेकर आवेदन की तिथि को पांच दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। आयुक्त अमित कुमार ने कहा कि एक कंपनी आई है लेकिन ज्यादा एजेंसियां आएं इसलिए समय को बढ़ाया जा रहा है। निगम ने एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी कर 18 नवंबर तक आवेदन मांगे थे। 53वें रोज फेस्टिवल का आयोजन फरवरी 2025 के तीसरे या चौथे सप्ताह में होगा। निगम में भारी वित्तीय संकट है। पार्षदों ने सुझाव दिया था कि निगम खुद इस पर पैसे न खर्च कर किसी कंपनी से आयोजन कराए जिससे निगम के पैसे भी बचे और उन्हें कुछ राजस्व भी प्राप्त हो। इसके बाद एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जारी किया गया। उसमें बताया गया कि फेस्टिवल में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से उद्घाटन और समापन समारोह, फ्लावर और रंगोली प्रतियोगिता, ब्रास और पाइप बैंड प्रतियोगिता, फोक डांस, फोटोग्राफी, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग और अंताक्षरी प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके अलावा रोज प्रिंस और रोज प्रिंसेस, मिस्टर एंड मिस रोज और वरिष्ठ नागरिकों के लिए मिस्टर रोज किंग और रोज क्वीन जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी। फेस्टिवल में हेलिकॉप्टर राइड, बेस्ट नेबरहुड पार्क प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एनजेडसीसी के कलाकारों, स्कूल और कॉलेज के बच्चों की प्रस्तुतियां, बोर्डिंग और लॉजिंग के साथ टेंटेज, सुरक्षा प्रबंध, सजावट, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी होगी। निगम की योजना है कि निजी कंपनी रोज फेस्ट कराने में अपना पैसा लगाए और रोज फेस्ट में विज्ञापन, स्पॉन्सरशिप, कुछ स्टॉल्स पर टिकट आदि लगाकर अपना खर्च पूरा करे। चयनित एजेंसियों की प्रेजेंटेशन भी होगी। इसके बाद वित्तीय प्रस्ताव मांगे जाएंगे। बता दें कि पिछली सदन की बैठक में निगम एक करोड़ 11 लाख रुपये में रोज फेस्टिवल कराने का प्रस्ताव लाया था। पार्षदों ने सवाल उठाया था कि वित्तीय संकट के बीच इतना खर्च करना ठीक नहीं है। हालांकि प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई थी।