ऊंटसाल के छात्र अमित की हत्या के मामले की दोबार जांच और दोषियों पर कार्रवाई के लिए डीसी कार्यालय के सामने आमरण अनशन का समर्थन करते हुए विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान मौके पर मौजूद डीएसपी ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। भारत की जनवादी नौजवान सभा के संयोजक अमन सैनी और स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र ने कहा कि प्रशासन मूक दर्शक बन कर काम कर रहा है।
तीन दिन से प्रशासन के सामने अमित के पिता और परिवार आमरण अनशन पर बैठे हैं और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। अनशन पर बैठे मृतक अमित के पिता का कहना है कि उनके बेटे की हत्या की गई है और आरोपियों के नाम पुलिस को दिए हैं।
छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो पूरे जिले के छात्र सड़कों पर जाम लगाएंगे। अमित को न्याय दिलाकर ही वह दम लेंगे।
इस दौरान भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के भीमसिंह, सिख समुदाय के नेता कंवलजीत, गुरचरण, सीटू के सचिव महावीर दहिया, पवन, इनसो के जसविंद्र खैरा व योगेश शर्मा सहित अनेकों प्रदर्शनकारी छात्रों ने मृतक को न्याय दिलाने के आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रदर्शन में भाग लिया।