चंडीगढ़। प्याज की बढ़ती कीमतों को देखते हुए केंद्र सरकार की तरफ से ट्राइसिटी में आम जनता को सस्ता प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। मार्केट में साठ रुपये किलो बिकने वाला प्याज शहर के अलग-अलग इलाकों में 35 रुपये में बेचा जा रहा है। फिलहाल ट्राइसिटी में नासिक का प्याज आ रहा है। सरकार की ओर से कीमतों को नियंत्रित करने की योजना के तहत नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (नैफेड) और एनसीसीपी को जनता तक सस्ता प्याज पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल प्याज ट्राइसिटी की कई लोकेशन पर बेचा जा रहा है। फिलहाल नैफेड की कई मोबाइल वैन पूरे ट्राइसिटी में प्याज की सेल करने के लिए घूम रही हैं। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में प्याज बेचने का काम कर रहे नैफेड के अधिकारियों ने बताया कि यह एक अनूठा प्रयोग है जिससे कीमतों को नियंत्रित कर आम जनता को राहत दी जा सके। इसी वजह से फिलहाल मोबाइल वैन का प्रयोग किया गया है। इसमें धनास, डड्डूमाजरा, मौलीजागरां, मनीमाजरा, कजहेड़ी, दड़वा, पंचकूला नैफेड कार्यालय सेक्टर-5 से इसकी शुरुआत की गई है। ऐसे में जनता को सीधा फायदा होने की उम्मीद है।