अमेरिका से लौटकर चंडीगढ़ सेक्टर-35 स्थित होटल ऑरेंज में ठहरे एक एनआरआई का शव कमरे में मिलने से होटल प्रशासन में हड़कंप मच गया, पुलिस भी हैरान है। एनआरआई को बेड से नीचे पड़ा देखकर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पीसीआर कर्मियों सहित सेक्टर-36 थाने से पुलिसकर्मी तुरंत होटल पहुंचे तो होटल कर्मियों ने कमरा नंबर-106 में एनआरआई के बेड से नीचे पड़े होने की सूचना दी।
पुलिसकर्मी जब कमरे में दाखिल हुए तो एनआरआई को बेड से नीचे गिरा हुआ फर्श पर पाया। पास में शराब की कई खाली और एक आधी खाली बोतल पड़ी मिली। कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था। पुलिस ने मौके की फोटोग्राफ कराने के साथ एनआरआई को जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डाक्टरी जांच में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान नया गांव के शिवालिक विहार निवासी चरणदीप सिंह के रूप में हुई है।
होटल प्रबंधन ने अपने रिकॉर्ड की जांच कर पुलिस को बताया कि चरणदीप सिंह होटल के कमरा नंबर 106 में बीते महीने की 17 तारीख से ठहरे हुए थे। वह न तो खुद कमरे से बाहर निकलते थे और न ही कोई बाहरी व्यक्ति उनसे मिलने होटल आता था। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी। पारिवारिक सदस्यों ने अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की।