चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश में चल रहीं खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में पंजाब यूनिवर्सिटी का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। पीयू के खिलाड़ियों ने सोमवार को कुल नौ स्वर्ण पदक हासिल किए। इसमें रोइंग चैंपियनशिप में क्लीन स्वीप करते हुए कुल 13 पदक हासिल किए। इनमें छह स्वर्ण, तीन रजत व चार कांस्य पदक शामिल हैं। पीयू की तैराक चाहत अरोड़ा ने स्वर्ण पदक जीता। पदक जीतने के लिए पीयू के खेल निदेशक दलविंदर सिंह ने रोइंग कोच दीपक कुमार व सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
रोइंग में जीते 13 पदकखेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में गोरखुपर की रामगढ़िया झील में रोइंग के मुकाबले खेले गए। इसमें पीयू की रोइंग टीमों ने हर इवेंट में पदक जीते। इनमें मैंस लाइटवेट सिंगल स्कल रोइंग 2000 मीटर मुकाबले में सिमरनजीत सिंह ने कांस्य पदक, पुरुष लाइटवेट डबल्स स्कल रोइंग 2000 मीटर मुकाबले में दिनेश व रविंन्द्र ने स्वर्ण पदक, पुरुष कॉक्सलेस पैयर्स 2000 मीटर इवेंट में सुखदीप सिंह और आदित्य सिंह ने स्वर्ण पदक, लाइटवेट पुरुष कॉक्सलेस फोर 2000 मीटर इवेंट में अर्जुन, सुदर्शन, गुरप्रीत, अजीत ने कांस्य पदक, लाइटवेट महिला डबल्स स्कल 2000 मीटर इवेंट में गुरबानी कौर और पूनम ने स्वर्ण पदक, महिला डबल्स स्कल 2000 मीटर इवेंट में खुशप्रीत कौर और दिलजोत कौर ने स्वर्ण पदक, पुरुष डबल्स स्कल 2000 मीटर इवेंट में लोकेश और विजय ने कांस्य पदक, पुरुष सिंगल स्कल 2000 मीटर रोइंग में प्रदूमन सिंह ने रजत पदक, महिला कॉक्सलेस फोर 2000 मीटर इवेंट में अंजनी कुमारी, देविका, नेहा, ईशा ने कांस्य पदक, महिला स्कल 2000 मीटर रोइंग इवेंट में पूनम, गुरबानी, खुशप्रीत, दिलजीत ने स्वर्ण पदक जीता, पुरुष कॉक्सलेस फोर 2000 मीटर रोइंग इवेंट में आदित्य सिंह, सुखदीप सिंह, साहिल, रजत ने स्वर्ण पदक, पुरुष स्कल 2000 मीटर रोइंग इवेंट में विजय, दिनेश, लोकेश, रविन्द्र ने रजत पदक जीता।
तैराकी में स्वर्ण पदक
पीयू की तैराक चाहत अरोड़ा ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उन्होंने 100 मीटर की दूरी 1.17.36 सेकेंड में पूरी कर ली। इससे पहले भी चाहत अरोड़ा ने शनिवार को स्वर्ण पदक जीता था।
एथलेटिक्स में जीता स्वर्ण पीयू की एथलीट टीम ने 4 गुना 400 मीटर मिक्स रिले दौड़ मुकाबले में 3.30.08 सेकेंड में पूरा कर स्वर्ण पदक जीता। टीम में हरप्रीत सिंह, लवप्रीत सिंह, गुग कौर, लवप्रीत कौर शामिल थीं।
शूटिंग में जीता स्वर्ण पदक
पीयू की शूटिंग टीम ने 25 मीटर पिस्टल वुमंस टीम इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम में गौरी श्योराण, मनू भाकर, मिलन शामिल रहीं। इस टीम ने 1729 अंक हासिल किए।