अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वाधान में शुक्रवार सुबह आर्यंस मॉडल स्कूल में भविष्य ज्योति मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने शिरकत की। उन्होंने दसवीं और बारहवीं कक्षा के मेधावी बच्चों को प्रशस्ति पत्र और मेडल भेंट किए। अमर उजाला के मंच पर पुलिस अधीक्षक से सम्मान प्राप्त कर जिले के मेधावी गदगद हो गए।
सुबह करीब साढ़े दस बजे आयोजन की शुरूआत की गई। बतौर मुख्य अतिथि आयोजन में शिरकत करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा का स्वागत आर्यंस स्कूल की छात्राओं ने तिलक लगाकर किया। आयोजन की शुरूआत मोहित हांडा ने मां सरस्वती की प्रतिमा समक्ष पुष्प अर्पित करके की गई। इसके बाद छात्राओं ने संस्कृत में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में पुलिस अधीक्षक ने क्रमबद्व मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बतौर चरखी दादरी पुलिस अधीक्षक का कार्यभार संभालने के बाद उनका यह पहला कार्यक्रम है और इसमें सहभागिता निभाने का मौका मिलने से वो बेहद खुश हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अमर उजाला ने मेधावी छात्रों के सम्मान के लिए जो मंच दिया है और सराहनीय है। इस प्रकार के आयोजन में सम्मानित होने वाले बच्चों को आगे बढ़ने में प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम का समापन कारगिल शहीदों को श्रद्घाजंलि देकर किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी ने दो मिनट का मौन धारण किया।