चंडीगढ़। जीएमएसएच-16 स्थित जन औषधि केंद्र पर ब्रांडेड दवा बेचने का मामला सामने आया है। वीरवार को जेनेरिक दवाओं के बीच ब्रांडेड दवा बेचने पर मरीज ने विरोध जताया। स्थिति बिगड़ती देख दुकान संचालक ने ब्रांडेड दवाएं वापस लेकर दूसरा बिल थमा दिया लेकिन मरीज ने चिकित्सा अधीक्षक की शिकायत दी है। वहीं मामले का संज्ञान लेकर स्वास्थ्य सचिव ने जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। गुरदासपुर निवासी अर्श अटवाल ने आरोप लगाया कि वे अपने भाई अनिल को दिखाने जीएमएसएच-16 पहुंचे। उन्होंने बताया कि हड्डी के डॉक्टर को दिखाने के बाद दवाएं और गर्म पानी का बैग लेने के लिए जन औषधि केंद्र पर गए। वहां दवा और गर्म पानी की बैग दिया लेकिन उन दवाओं पर जनऔषधि की मुहर नहीं लगी थी। बिल मांगे जाने पर दवाएं वापस करने को कहा। बता दें कि अस्पताल की जन औषधि केंद्र पर पिछले दो साल से ताला बंद था। स्वास्थ्य सचिव के प्रयास से कुछ महीने पहले ही इसका पुन: संचालन शुरू किया गया है।
जन औषधि स्टोर ब्रांडेड दवाएं नहीं बेच सकता है। मामले में पूछताछ कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
-यशपाल गर्ग, स्वास्थ्य सचिव