बुढ़लाडा के एक व्यापारी के अपहरण मामले में पुलिस ने एसजीपीसी सदस्य एवं संत समाज के महासचिव बाबा सुखचैन सिंह धर्मपुरा के बेटे और शिअद यूथ मालवा जोन वन का महासचिव कल्याण सिंह व उसके भांजे गुरप्रीत सिंह चहल को वीरवार को काबू किया।
आरोपियों ने अपहृत व्यापारी को छोड़ने की एवज में एक करोड़ रुपये फिरौती ली थी। पुलिस ने आरोपियों से साढ़े 22 लाख रुपये की रकम बरामद की है। एसएसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद रकम में से 5.62 लाख विदेशी करेंसी है। व्यापारी चिमन लाल का 4 सितंबर को अपहरण हो गया था। व्यापारी को 18 दिनों के बाद उनके परिवार ने अपहरणकर्ताओं को एक करोड़ की फिरौती देकर छुड़वाया था। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार ने मुख्यमंत्री और डीजीपी पंजाब से मामले में जांच की मांग की।
आईजी एसके अस्थाना, एसएसपी मानसा व अन्य पुलिस अधिकारियों ने वीरवार को गांव धर्मपुरा का घेराव कर एसजीपीसी सदस्य सुखचैन सिंह धर्मपुरा के घर, स्कूल व अन्य स्थानों पर छापामारी की। एसएसपी भुल्लर ने कहा कि पुलिस ने बाबा सुखचैन सिंह के बेटे कल्याण सिंह और उसके भांजे गुरप्रीत सिंह चहल को साढ़े 22 लाख की नगदी समेत गिरफ्तार कर लिया है। उनके अनुसार आरोपियों ने चिमनलाल का अपहरण किया था और यह रकम फिरौती के तौर पर हासिल की थी।