गुरुग्राम। गांधीनगर जयपुर स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से होकर जाने वाली कई ट्रेनों का नौ जून को मार्ग परिवर्तित किया गया है। वहीं, अजमेर से चंडीगढ़ के मध्य चलने वाली वंदे भारत ट्रेन (20977-78) नौ जून को रद्द रहेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने इसकी पुष्टि की है। कई ट्रेनें प्रारंभिक स्टेशन से आंशिक रूप से रद्द रहने के कारण काफी यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पूजा एक्सप्रेस (12414) आठ जून को जम्मूतवी से प्रस्थान करेगी और खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक संचालित होगी। यह ट्रेन खातीपुरा-अजमेर रेलवे स्टेशनों के मध्य आंशिक रद्द रहेगी। वहीं, अजमेर-जम्मूतवी (12413) नौ जून को अजमेर के स्थान पर खातीपुरा रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अजमेर-खातीपुरा स्टेशनों के मध्य आंशिक रद्द रहेगी।