डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने चाराें जिलों में मुंबई एक्सप्रेस-वे व दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर संभावनाएं तलाशने के निर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा में मुंबई एक्सप्रेस-वे पर नूंह व गुरुग्राम और दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर जींद व कैथल जिले में नई हवाई पट्टी बनाई जाएंगी। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस संबंध में संभावनाएं तलाशें। ई-भूमि पोर्टल पर इसके लिए 100-100 एकड़ जमीन का खाका तैयार करने को भी कहा। सोमवार को नागरिक एवं उड्डयन विभाग के अधिकारियों की बैठक में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की रुपरेखा बनाएं। हिसार एयरपोर्ट से जुड़े प्रोजेक्ट्स निर्धारित अवधि में पूरे करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी लगातार उन्हें रिपोर्ट करेंगे। बैठक में बताया कि करनाल, भिवानी, नारनौल और पिंजौर में हवाई पट्टियों पर हेंगर बनाए जाएंगे। उन्होंने नारनौल को छोड़कर राज्य की अन्य सभी हवाई पट्टियों पर एमआरओ (मेंटेंनेंस रिपेयर एंड ओवरहॉल) शुरू करने के निर्देश दिए। हिसार हवाई अड्डे को लेकर अधिकारियों ने बताया कि नए मानक एटीसी के निर्माण होने तक अस्थाई एटीसी स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा अधिकारियों ने मानसून ड्रेन, आइसोलेशन-बे, वेहिकुलर लेन, नेविगेशन, सुरक्षा टॉवर्स, पेरिमीटर रोड के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे के एरिया से 132 केवी ईएचटी पावर लाइनों को शिफ्ट करने का कार्य प्रगति पर है। उप-मुख्यमंत्री ने राणा माइनर को शिफ्ट करने, ड्रेनेज एवं सीवरेज सिस्टम, सोलर पार्क समेत अन्य दर्जनों परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हिसार एयरपोर्ट के सभी कार्य एवं इससे संबंधित अन्य प्रोजेक्ट्स समयबद्ध तरीके से पूरे करें।