तीन यात्रियों को बुधवार को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा, जब लेट होने का हवाला देकर एयर एशिया की बंगलूरू जाने वाली फ्लाइट में सफर नहीं करने दिया गया। इसके बाद तीनों यात्रियों ने एयर एशिया के टिकट काउंटर के पास हंगामा किया। हालांकि, बाद में तीनों यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से दो बजे बंगलूरू रवाना हुए।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोपहर एक बजे बंगलूरू के लिए फ्लाइट थी। हिमाचल के परवाणु निवासी देवराज गुप्ता, हरविंदर शर्मा और केवल राम शर्मा 12.30 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचकर अपने समान की सिक्योरिटी चेक करवाई। इसे बाद लगेज बुक करवा दिया। जैसे ही वह फ्लाइट के बोर्डिंग तक पहुंचे तो फ्लाइट अधिकारियों ने लेट होने का हवाला देकर उन्हें वापस कर दिया। ऐसे में अब इन यात्रियों का टिकट का रुपये भी वापस नहीं होगा। यात्रियों ने 18 हजार रुपये के टिकट खरीदे थे।
बिजनेस के सिलसिले में जाना था बंगलुरू
परवाणु मंडी में फलों का बिजनेस करने वाले देवराज गुप्ता, हरविंदर शर्मा और केवल राम शर्मा ने बताया कि बंगलूरू जाने के लिए 12 सितंबर को टिकटों की आनलाइन बुकिंग कराई थी। उन्होंने कहा कि बोर्डिंग पास नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास के लिए मशीन होती तो उनकी फ्लाइट मिस नहीं होती।