चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने विभिन्न संकायों के डीन का चुनाव करवाने की योजना के साथ सोमवार को एडेड सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीयू ने सोमवार को सीनेटरों को एडेड सदस्यों का नामांकन आमंत्रित करने के लिए पत्र भेजा है। एडेड सदस्यों के चुनाव से 40 दिन पहले पत्र जारी किए जाते हैं। एडेड सदस्यों का चुनाव 1 सितंबर को होगा और वह 31 जनवरी 2023 तक कार्यालय में रहेंगे।
पीयू में संकायों के डीन सीनेटरों, एडेड सदस्यों, प्रोफेसरों और विभागों के प्रमुखों की ओर से चुने जाते हैं। पीयू कैलेंडर के अनुसार एक ही संकाय के दो सीनेटर एक सदस्य को संकाय में एड कर सकते हैं। पीयू की ओर से सीनेटरों को जारी पत्र के अनुसार नामांकन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 2 अगस्त है और नामांकन पत्रों की जांच 5 अगस्त को होगी जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए जाएंगे उनकी सूची 10 अगस्त को प्रदर्शित की जाएगी। नामांकन वापस लेने की तारीख 12 अगस्त है। एक सितंबर को चुनाव से पहले उम्मीदवारों की अंतिम सूची सात अगस्त को प्रदर्शित की जाएगी।
एडेड सदस्यों के चुनाव के बाद होंगे फैकल्टी के डीन चुनाव
बता दें कि पंजाब यूनिवर्सिटी सिंडिकेट चुनावों के बाद फैकल्टी के डीन के चुनाव करवाने की तैयारियां कर रही है। विभिन्न फैकल्टी के डीन के चुनाव पिछले एक साल से लंबित चल रहे हैं। एडेड सदस्यों के चुनाव के बाद फैकल्टी के डीन के चुनावों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पंजाब यूनिवर्सिटी के फैकल्टी के डीन के चुनाव में सीनेटर, एडेड सदस्य, प्रोफेसर और विभागों के अध्यक्ष अपना मतदान करते हैं इसलिए इन चुनावों से पहले एडेड सदस्यों के चुनाव करवाए जा रहे हैं। पीयू की ओर से इसी महीने सिंडिकेट के चुनावों की प्रक्रिया संपन्न करवाई गई थी। पीयू में जनवरी 2021 में फैकल्टी के डीन का कार्यकाल पूरा हो गया था। इसके बाद से लगभग एक साल से पीयू के विभाग बिना फैकल्टी डीन के ही काम कर रहा है। चुनाव में देरी का कारण पीयू के पास सीनेट और सिंडिकेट बॉडी का नहीं होना था।
शैक्षणिक और पाठ्यक्रम में बदलाव के लिए जरूरी डीन
पीयू में डीन विभाग सभी बैठकों की अध्यक्षता करते हैं। डीन के निर्देशन में ही सभी अकादमिक कार्य, शैक्षणिक कार्य, पाठ्यक्रम में बदलाव, नए पाठ्यक्रम इत्यादि महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। डीन कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (कैस), प्रमोशन और शिक्षकों की भर्ती के लिए कमेटी के सदस्य भी होते हैं। इसके अलावा रिसर्च डिग्री कमेटी की अध्यक्षता विभाग के डीन करते हैं जिसमें शोधार्थी के सिनोप्सिस को अप्रूव किया जाता है।