अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में 8 से 10 अक्तूबर तक हरियाणा कृषि विकास मेला लगेगा। इसमें देशभर से ही नहीं, बल्कि विदेशों के भी स्टॉल लगेंगे। प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि इसमें दूसरे राज्यों के कृषि विश्वविद्यालय, कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा कृषि क्षेत्र में भारत को सहयोग देने वाला देश इजराइल भी इसमें मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। इंडो-इजरायल परियोजना के तहत हरियाणा में भी कई उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए गए हैं।