चंडीगढ़। ट्राइसिटी के बाद अब फगवाड़ा में भी मिनर्वा सेंटर खोल दिया गया है। यहां पर देश के लिए फुटबॉलर तैयार होंगे। शेरगिल सॉकर अकादमी के सहयोग से फगवाड़ा में मिनर्वा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन हुआ। शहर की मिनर्वा एकेडमी एफसी के निदेशक रंजीत बजाज के विजन से प्रेरित यह अत्याधुनिक सुविधा वाला सेंटर बनाया गया है जिससे जमीनी स्तर पर फुटबॉल का विकास होगा। इसके लिए मिनर्वा एकेडमी एफसी ने विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, एक्सपर्ट कोचिंग स्टाफ और उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा मिनर्वा एकेडमी एफसी जमीनी स्तर से युवा प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल दोआबा क्षेत्र की फुटबॉल विरासत को फिर से जीवंत करने के बारे में है।