चंडीगढ़ में टूर एंड ट्रैवल का काम काम करने वाले केएल बंसल ने कहा कि बहुत ज्यादा तो नहीं, लेकिन 15 से 20 फीसदी तक का असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को उनके माध्यम से कुछ लोग थाईलैंड जा रहे हैं। चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, पंचकूला और आसपास के लोग भी चंडीगढ़ के टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से बुकिंग कराते हैं। यहां से चार रात और पांच दिन की बुकिंग का मौजूदा रेट इस समय करीब 45 हजार रुपये है। अगर संख्या ज्यादा रहती है तो उसमें भी छूट मिलती है। ज्यादा दिन रुकने पर करीब रोजाना का 8 से 10 हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च आता है। अगर एक हजार लोगों ने भी अपना टूर रद्द किया तो इस तरह साढ़े चार करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार प्रभावित होगा।
मिलता है तत्काल वीजा
थाईलैंड, बैकॉक के लिए तत्काल वीजा मिलता है। ऐसे में पर्यटन के हिसाब से सबसे ज्यादा बुकिंग इन जगहों के लिए आती है। हालांकि इसमें ज्यादातर लोग दिल्ली से फ्लाइट लेते हैं। सूत्रों के अनुसार करीब एक हजार से ज्यादा लोगों ने अपना बैंकॉक जाने का प्लान रद्द किया है। चंडीगढ़ में करीब 500 लोग ऐसे हैं जो देश और विदेश के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की बुकिंग लेते हैं। ट्रैवल का काम करने वाले विनीत पांडेय का कहना है कि थाईलैंड का असर ज्यादा समय तक नहीं रहेगा। पर्यटन पर आधारित देश होने के नाते वहां की व्यवस्था को तत्काल ठीक करा लिया जाएगा।
थाई सरकार ने कहा-यहां स्थिति सामान्य
थाई सरकार ने भी 28 मार्च को बयान जारी कर स्थिति सामान्य होने की बात कही है। थाईलैंड के पर्यटन एवं खेल मंत्री सोरावोंग थिएनथोंग बयान जारी कर बताया था कि सरकार जनता, पर्यटकों और व्यवसाय संचालकों की चिंता के कारण सरकार सक्रिय रूप से स्थिति की निगरानी कर रही है। भवनों, सार्वजनिक स्थानों और परिवहन प्रणालियों का तत्काल निरीक्षण किया गया। अब स्थिति सामान्य हो गई है। पर्यटक आकर्षण और व्यवसाय सुरक्षित हैं, और लोग अपनी दैनिक गतिविधियों को सामान्य रूप से फिर से शुरू कर सकते हैं। पर्यटक देश भर में सभी गंतव्यों पर सुरक्षित रूप से यात्रा कर सकते हैं।