चंडीगढ़। पीजीआई रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने बाबा रामदेव की ओर से आधुनिक चिकित्सा पद्धति को लेकर दिए गए विवादित बयान की निंदा की है। एसोसिएशन ने बाबा रामदेव पर कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि मौजूदा समय में जब देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है, तब बाबा रामदेव की ओर से ऐसा बयान विशुद्ध रूप से किसी एक पद्धति के खिलाफ लोगों को भड़काने जैसा है। आधुनिक चिकित्सा पद्धति के बल पर रोजाना लाखों लोगों की जान बचाई जा रही है। आधुनिक चिकित्सा पद्धति में किसी भी उपचार को लागू करने से पहले गहन शोध और वैज्ञानिक साक्ष्य का पालन किया जाता है। एसोसिएशन का कहना है कि भारत सरकार की ओर से चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान को लेकर बाबा रामदेव की ओर से दिया गया बयान महामारी रोग अधिनियम का उल्लंघन है।