जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हिंसा और आगजनी के लिए आरोप-प्रत्यारोपों के बीच कांग्रेस ने वीरवार को भाजपा पर तीखा हमला करते हुए वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की कोठी जलाने के आरोप में गिरफ्तार एडवोकेट सुदीप कलकल की मुख्यमंत्री सहित कई भाजपा नेताओं के साथ फोटो जारी कर सियासी खलबली मचा दी।
विज्ञापन
कांग्रेस विधायक और विस के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने आरोप लगाया है कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और वित्त मंत्री की कोठी जलाने के मामले में एसआईटी द्वारा गिरफ्तार किए गए कलकल के भाजपा नेताओं से संबंध हैं। शर्मा व पूर्व परिवहन मंत्री आफताब अहमद ने गुड़गांव में प्रेस कांफ्रेंस करके यह आरोप लगाए।
सबूत के तौर पर उन्होंनें कलकल और भाजपा नेताओं की एक साथ की तस्वीर भी जारी की। उसकी मुख्यमंत्री के साथ भी फोटो होने का दावा किया गया है। उधर कुलदीप शर्मा के आरोपों के जवाब में हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव ने कहा कि कांग्रेस उनके कलकल के साथ संबंधों की पुष्टि कर दे तो वे राजनीति छोड़ देंगे। कैप्टन अभिमन्यु ने भी कहा कि शर्मा ने फोटो जारी कर साबित कर दिया है कि कलकल के उनसे खास संबंध है।
विज्ञापन
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मांगा 24 घंटे के अंदर जवाब
कांग्रेस के विधायक कुलदीप शर्मा
- फोटो : फाइल फोटो
शर्मा ने यहां कमान सराय में मीडिया को संबोधित करते कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल कलकल और भाजपा नेताओं के संबंधों को लेकर जवाब दें। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में जवाब न देने पर वह लोग इस प्रकरण को लेकर कुछ और सबूत देंगे। शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने रोहतक दंगों के मुख्य आरोपी सुदीप कलकल को पूरे दंगे के लिए दोषी करार दिया है।
कलकल के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक प्रेमलता, वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जवाहर यादव और बाढ़डा के विधायक सुखविंद्र श्योराण आदि के साथ फोटो है। उन्होंने कहा कि ये फोटो इस बात के गवाह हैं कि सुदीप कलकल के भाजपा नेताओं के साथ संबंध हैं। वह आरएसएस का कार्यकर्ता है न कि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा का रिश्तेदार।
गोधरा कांड की तरह रची साजिश
शर्मा ने कहा कि कार्रवाई तो मुख्यमंत्री और उनके सहयोगियों के खिलाफ होनी चाहिए। भाजपा ने यह सब इसलिए करवाया ताकि गोधरा की तरह कांड करके हरियाणा में भी लंबा शासन किया जा सके। भाई से भाई को बांटा जा सके। कांग्रेस नेताओं ने हरियाणा में हुए दंगे, आगजनी, लूटपाट की जांच सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से कराए जाने की मांग भी की।
जवाहर यादव का पलटवार, ट्वीट कर कहा
हरियाणा सीएम खट्टर के ओएसडी जवाहर यादव
- फोटो : फाइल फोटो
कांग्रेस विधायक कुलदीप शर्मा के आरोपों पर हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव ने ट्वीट के जरिए पलवार किया कि काग्रेंस कलकल के साथ उनके संबंध साबित कर दे तो वे राजनीति छोड़ देंगे और नहीं कर पाए तो कुलदीप शर्मा को राजनीति छोड़ देनी चाहिए। यादव ने ट्वीट में कहा कि सुदीप कलकल से मेरा या मुख्यमंत्री का कोई नाता नहीं है।
राजनीति में फोटो कोई भी खींच लेता है। उन्होंने सवाल किया कि ‘सुधीर कलकल या सुधीप कलकल। आरोप लगाते हुए बार-बार जुबान क्यों लड़खड़ा रही है कुलदीप शर्मा जी’। उन्होंने कहा क्या सुदीप कलकल का रास्ता कहीं कांग्रेस नेताओं को जेल तो नहीं ले जा रहा था। इसलिए सिर्फ फोटो के आधार पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हवासिंह सांगवान ने एक न्यूज चैनल पर माना कि सुदीप कलकल उनका आदमी है। सांगवान किस के नजदीक है और दूर, यह पूरा हरियाणा जानता है। कुलदीप शर्मा जी मेरा फोटो या मुख्यमंत्री का सुदीप कलकल के साथ व्यक्तिगत संबंधों की पुष्टि कर दे, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा या कुलदीप शर्मा राजनीति छोड़ दें।
कुलदीप ने फोटो जारी कर साबित कि कि उनके कलकल से संबंध है
विधानसभा में बजट पेश करने जाते हुए कैप्टन अभिमन्यु
- फोटो : अमर उजाला
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश में हुई हिंसा और आगजनी के आरोपी शख्स का मेरे और भाजपा नेताओं के साथ फोटो जारी करके कुलदीप शर्मा ने साबित कर दिया है कि इस व्यक्ति से उनका खास लगाव है। उन्होंने कहा हम जनता के बीच में रहने वाले लोग हैं। हमारे साथ कोई भी फ़ोटो कर सकता है। किसी को मना नहीं किया जा सकता।
यह फोटो जारी करके शर्मा ने जांच में सहयोग की शुरुआत की है। हम उनका स्वागत करते हैं और उम्मीद है कि उनके पास जो भी प्रूफ हैँ , उन्हें पुलिस को उपलब्ध करवाएगे। कैप्टन ने कहा कई आरोपियों में से सिर्फ एक व्यक्ति के फोटो जारी करके उन्होंने आरोपी के साथ अपने संबंध को स्वीकारा है और इससे आभास होता है की चोर की दाढ़ी में तिनका है।