पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने प्रदेश में विवाह-शादियों के लिए शराब लाइसेंस के साथ ही भोजन पर लगने वाले एडवांस वैट को लेकर आम लोगों की परेशानी खत्म कर दी है।
अब एडवांस वैट की राशि शादी समारोह के बाद कैटर्स को जमा करवानी होगी। वीरवार को इस फैसले की जानकारी की गई। अभी तक आम लोगों के लिए शराब लाइसेंस बनवाना बड़ी दिक्कत वाला काम था, क्योंकि शादी समारोह से पहले करीब 50 से 70 हजार रुपये तक एडवांस वैट भोजन के लिए देना पड़ता था।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, अब नए फैसले से लोगों को मैरिज पैलेसों में शादी या अन्य समारोहों के लिए केवल शराब लाइसेंस फीस दस हजार रुपये ही देनी पड़ेगी। शिअद व्यापार विंग के मालवा विंग-1 के अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला, मालवा विंग-2 के अध्यक्ष एनके शर्मा, मालवा विंग-3 के अध्यक्ष मदन लाल बग्गा और माझा जोन-4 के प्रधान चरनजीत सिंह चन्नी ने इस फैसले का स्वागत किया है।