एनआरआई आयोग ने गुरदासपुर के डीसी और एसएसपी को आदेश दिए हैं कि एनआरआई सुरजीत सिंह अहलूवालिया को उनकी संपत्ति का कब्जा दिलाया जाए। 23 सितंबर तक आरोपियों की जिम्मेदारी तय कर आयोग ने कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है।
अहलूवालिया विकलांग हैं और डेनमार्क के निवासी हैं। गुरदासपुर जिले के गांव पुराणा चावला में उनकी 18 कनाल 6 मरले जमीन है। अहलूवालिया ने आयोग को दी शिकायत में कहा कि उनकी गैरहाजिरी में गुरनाम सिंह ने जाली पॉवर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर बलकार सिंह, जसपाल सिंह, परमजीत सिंह, चमकौर सिंह और दौलत सिंह के पक्ष में सेल डीड कर दी।
अहलूवालिया ने डीसी को शिकायत दी। जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि हो गई। जमीन उनके नाम पर दर्ज कर दी गई। अब अहलूवालिया ने सुरक्षा के साथ जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की है।
आयोग ने अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा है। साथ ही हिदायत दी है कि जिम्मेदार अधिकारी पर की गई कार्रवाई की भी जानकारी दें।