पूरण कुमार के घर लगा नेताओं का तांता
आईएएस अमनीत पी कुमार के घर शोक जताने के लिए नेताओं का पहुंचना जारी है। शनिवार को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज और पंजाब के पूर्व सीएम और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी उनसे मिलने पहुंचे हैं। हरियाणा के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल भी पूरण कुमार के घर पहुंचा।
दीपेंद्र हुड्डा और चरनजीत सिंह चन्नी ने कहा कि जब न्याय देने वाले ही आरोपी पर एक्शन ना लें तो सिस्टम पर सवाल उठता है। पूरा देश हरियाणा सरकार की ओर देख रहा है। चन्नी ने कहा कि वाई पूरण कुमार अच्छे अफसर थे, ऐसे अफसर का सुसाइड करना बड़ा चिंता का विषय है। एडीजीपी वाई पूरण कुमार के आत्महत्या मामले के सभी दोषियों को सजा होनी चाहिए।
चन्नी ने कहा कि वाई पूरण कुमार अंबेडकर की सोच को आगे लेकर चल रहे थे। चंडीगढ़ पुलिस ने उनके पार्थिव देह का निरादर किया। चन्नी ने भावुक होते हुए कहा कि उनको पार्थिव देह को देखने तक नहीं दिया जा रहा है।
चन्नी ने चंडीगढ़ पुलिस की एफआईआर पर सवाल उठाए और कहा कि चंडीगढ़ पुलिस गिरफ्तारी क्यों नहीं कर रही है। चन्नी ने कहा कि वे चुप नहीं बैठेंगे। भाजपा सरकार के शासन में दलितों पर अत्याचार किया जा रहा है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि ये देश और संविधान की लड़ाई है।
सूत्रों के अनुसार हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन के आला अफसर और नेता पूरण कुमार के पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराए जाने को लेकर परिवार से बातचीत और उन्हें राजी करने के लिए जुटे हैं।
भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर भी अमनीत पी कुमार के आवास पर पहुंचे।