चंडीगढ़। हरविंदर सिंह के ऑलराउंडर प्रदर्शन से अड्डा क्रिकेट इलेवन ने क्रिकेट क्लब जीरकपुर की टीम को 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के एक मुकाबले में 30 रन से हरा दिया। टूर्नामेंट सेक्टर- 44 के क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। मैच में पहले खेलते हुए अड्डा क्रिकेट इलेवन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 184 रन बनाए। हरविंदर सिंह ने 35 गेंदों पर 10 चौके और 1 छक्के की मदद से 62 रन बनाए। डॉ. लूथरा ने 25 रन, साहिल राणा ने 36 रन, कमल ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में ऋषभ ने 20 रन देकर 1 विकेट, मनीष ने 22 रन देकर 1 विकेट, अंकुश ने 29 रन देकर 1 विकेट, राजेश ने 31 रन देकर 1 विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट क्लब जीरकपुर की पूरी टीम 19.3 ओवर में कुल 154 के स्कोर पर सिमट गई। टीम से अतीत ने सबसे अधिक 48 रन बनाए। रविंदर ने 30 रन, रंजन ने 20 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में शुभम ने 20 रन देकर 3 विकेट, अंकुश ने 13 रन देकर 2 विकेट, आंनद ने 23 रन देकर 2 विकेट, सौरभ ने 9 रन देकर 1 विकेट, हरविंदर सिंह ने 11 रन देकर1 विकेट, कमल ने 18 रन देकर 1 विकेट चटकाया। हरविंदर सिंह को बल्ले और गेंद से बेहतर प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।