मनीमाजरा। नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने मनीमाजरा क्षेत्र में देर शाम तक अभियान चलाकर सड़कों और फुटपाथों पर कब्जा जमाने वाले अवैध रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने दर्जनों चालान काटे और कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया।
यह अभियान एरिया इंस्पेक्टर ललित त्यागी ने जॉइंट कमिश्नर हिमांशु गुप्ता और सुपरिटेंडेंट सुनील दत्त के निर्देश पर चलाया। कार्रवाई मनीमाजरा के समाधि गेट, शांति नगर, ओल्ड रोपड़ रोड, बस स्टैंड और राणा हवेली चौक के आसपास की गई, जहां बड़ी संख्या में अवैध रेहड़ियां खड़ी पाई गईं।
अभियान के दौरान कई रेहड़ी वाले नगर निगम की गाड़ी देखते ही मौके से भागते नजर आए। ऐसे में एरिया इंस्पेक्टर ललित त्यागी को खुद हेलमेट पहनकर स्कूटर से मौके पर पहुंचना पड़ा, ताकि भागने वाले वेंडरों पर कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक लाइसेंसधारी वेंडरों को निर्धारित वेंडर जोन में शिफ्ट नहीं किया जाएगा, तब तक अवैध रेहड़ियों की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। क्योंकि अब लाइसेंस वाले वेंडरों की रेहड़ियां सड़कों और चौराहों पर लगती हैं। लोगों का कहना है कि जब तक इन्हें मनीमाजरा में तैयार किए गए वेंडर जोन में नहीं बैठाया जाता, तब तक सड़कों से अतिक्रमण हटना मुश्किल है।