चंडीगढ़। जिला अदालत ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में कोलकाता निवासी वारिस अली को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वारिस अली दो अन्य गिरफ्तार आरोपियों मनीमाजरा के अफजल हुसैन और पश्चिम बंगाल के सोनू की निशानदेही पर पकड़ा गया था।
विज्ञापन
साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों में अफजल हुसैन और सोनू को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया था। पुलिस रिमांड के दौरान ही इन दोनों ने वारिस अली का नाम लिया, जो गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
पहले मामले में सेक्टर-39 निवासी डॉ. चितरंजन सिंह बराड़ से सीबीआई अधिकारी बनकर बीमा पॉलिसी के नाम पर 34 लाख 20 हजार 158 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने अफजल हुसैन को गिरफ्तार किया था जिसने पूछताछ में सोनू का नाम बताया। सोनू फर्जी सिम और बैंक खाते उपलब्ध कराता था। दूसरे मामले में सेक्टर-39 निवासी शुक्ला महाजन के बैंक खाते से 28 फरवरी को 2 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए गए थे।