चंडीगढ़। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऑपरेशन सेल की टीम ने एक आरोपी को 44.73 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोेपी की पहचान दीपक निवासी सेक्टर-49 के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को जांच टीम ने कोर्ट में पेेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी पहले भी नशा तस्करी के एक अन्य मामले में नामजद है और जेल से जमानत पर आया हुआ है।
दरअसल, ऑपरेशन सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आरोेपी नशा तस्करी का कार्य करता है औैर कोई नशीला पदार्थ लेकर जा रहा है। ऑपरेशन सेल के इंचार्ज शेेर सिंह ने तुरंत टीम गठित की और इस टीम ने दीपक उर्फ दीप को बिजली के खंभे नंबर-13 एडवोकेट एन्क्लेव सेक्टर-49 के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 44.73 ग्राम हेरोइन बरामद की। दीपक के खिलाफ सेक्टर-49 थाने में केस दर्ज किया गया। आरोपी से दो दिन के रिमांड में पता चला कि उसके खिलाफ पहले भी 17 मई 2021 को एनडीपीएस एक्ट-21 सेक्टर-36 थाने में मामला दर्ज है और वह कोर्ट के आदेशानुसार जेल से जमानत पर बाहर आया हुआ है।