तोशाम क्षेत्र के खरकड़ी सोहान से धारवानवास की तरफ एक बंद पड़े क्रशर पर एक आरोपी को पकड़ने पहुंची भिवानी सीआईए प्रथम की टीम पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। वहीं पुलिस से बचने के लिए पहाड़ पर भागने का प्रयास करते समय गिरकर आरोपी चोटिल हो गया। उसे सीआईए की टीम रविवार सुबह नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। वारदात रविवार सुबह साढ़े चार बजे की है।
भिवानी सीआईए प्रथम के इंचार्ज योगेश हुडडा ने बताया कि रविवार अल सुबह करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि पिंजोखरा निवासी दलबीर खरकड़ी सोहान से धारनवास की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक बंद पड़े क्रशर पर ठहरा है। इस सूचना पर करीब साढ़े चार बजे सीआईए के एएसआई बलजीत की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर आरोपी दलबीर ने दो फायर किए। हालांकि इस दौरान पुलिस ने जवाबी फायरिंग नहीं की और आरोपी की गोली से कोई कर्मचारी चोटिल नहीं हुआ। दलबीर पहाड़ पर पुलिस से बचने के लिए भागने लगा तो इसी दौरान वह गिर गया। इस कारण उसके पैर में चोट आई है। घायल आरोपी को पुलिस टीम नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सीआईए इंचार्ज योगेश कुमार हुडडा ने बताया कि पिंजोखरा निवासी दलबीर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत आर्म्स एक्ट के करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ में जुटी है।