चंडीगढ़। सेक्टर-5 में कारोबारी कुलदीप सिंह मक्कड़ ब्रदर्स के घर पर गोलियां चलाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार गिरि उर्फ पंडित की उम्र का पेंच अभी फंसा हुआ है। मामले में आरोपी पक्ष ने खुद को नाबालिग बताया है। सीबीआई कोर्ट में बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान एनआईए की जांच टीम की ओर से आरोपी की उम्र का डाक्मूमेंट्री प्रूफ देने के लिए कोर्ट से अतिरिक्त समय मांगा गया। हालांकि, आरोपी पक्ष ने कहा कि आरोपी की उम्र 18 साल से कम है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने व एनआईए की गुहार पर कोर्ट ने उन्हें उम्र का सुबूत पेश करने के लिए एक सप्ताह का समय दे दिया है। मामले में अगली सुनवाई 16 अप्रैल को होगी। वहीं, इस मामले में एनआईए की ओर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किए गए काशी सिंह सिर्फ हैप्पी को रिमांड खत्म होने के बाद सीबीआई कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी की अगली पेशी अब 30 अप्रैल को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगी। हालांकि, उसके अन्य साथियों को पहले ही जेल में भेजा जा चुका है। जांच टीम ने कोर्ट में यह भी दावा किया है कि गिरफ्तार आरोपियों के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथ संबंध हैं और वह उनके संपर्क में भी थे। इसके साथ यह बात भी सामने आई कि पहले भी इनकी कई वारदात में संलिप्तता रही है।