चंडीगढ़। बीते दिन अज्ञात बदमाशों ने स्नेचिंग की दो वारदातों को अंजाम दिया। इसमें बाइक सवार आरोपी एक महिला से पर्स व युवक से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने सेक्टर-19 व सेक्टर-34 थाने में स्नेचिंग की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में मनीमाजरा निवासी महिला ने सेक्टर-19 थाने में दी शिकायत में बताया कि वह बीते रविवार को एससीओ नंबर-20 के पास सेक्टर-19 में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक आया और उसके हाथ में से उसका पर्स लेकर भाग गया। पर्स में करीब दो हजार रुपये की नकदी के अलावा आधार कार्ड, वरिष्ठ नागरिक कार्ड और उसकी मां के आधार कार्ड के अलावा अन्य कुछ जरूरी दस्तावेज थे।
दूसरे मामले में सेक्टर-34 थाने में दी गई शिकायत में अमरीश कुमार निवासी सेक्टर-45 बुड़ैल ने बताया कि रविवार को वह आयुर्वेद केंद्र सेक्टर-32 के पास था। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक आए और उसके हाथ में लिया मोबाइल छीनकर फरार हो गए। हालांकि घटनास्थल के नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार युवक कैद हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।