हरियाणा के रोहतक में हैवानियत की हद पार करने वाले गैंगरेप और हत्या के मामले में आरोपियों का डीएनए ले लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ फाइल पक्की की जा रही है। रोहतक में सोनीपत की शहर की युवती से गैंगरेप के बाद नृशंस हत्या करने के आरोपियों का डीएनए कराने के लिए सैंपल लेकर मधुबन भेज दिए गए हैं। साथ ही मामले में रिपोर्ट भी जल्द प्राप्त करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। डीएनए रिपोर्ट से आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा सकते हैं, जिससे उन्हें कड़ी सजा दिलाई जा सके।
बता दें कि रोहतक स्थित पाश्रवनाथ सिटी में युवती का शव मिला था। उसके सिर व चेहरे पर ईंटों से हमला कर नृशंस हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में कीर्तिनगर के सुमित व उसके साथी कबीरपुर निवासी विकास यादव को गिरफ्तार किया था। बुधवार को दोनों आरोपियों के डीएनए कराने के लिए सैंपल लिए गए थे। दोनों के सैंपल वीरवार को जांच के लिए मधुबन फोरेंसिक लैब में भेज दिए गए हैं।
एक माह में दाखिल करनी है चालान रिपोर्ट
पुलिस इस मामले में जल्द न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए डीजीपी स्वयं एक माह में मामले की चालान रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने की बात कह चुके हैं। साथ ही इस मामले की सुनवाई भी फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर जल्द दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का प्रयास रहेगा कि डीएनए की सैंपल रिपोर्ट को जल्द प्राप्त किया जा सके।
गैंगरेप व हत्या के मामले में दोनों दोषियों की सैंपल रिपोर्ट जांच के लिए मधुबन भेज दी गई है। पुलिस इस मामले में बारीक से बारीक सबूत जुटाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
-मुकेश जाखड़, डीएसपी मुख्यालय।