हरियाणा में स्पीड ब्रेकरों के कारण हादसे हो रहे हैं। राज्य में कहीं भी ब्रेकर से पहले सावधान करने वाले चिह्न या संकेतक नहीं लगे हैं।
विधानसभा में विधायक भारत भूषण बतरा ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला से पूछा कि मंत्री यह बताएं कि समस्या का निपटारा कब तक होगा। सुरजेवाला ने बताया कि इस बारे में एक विस्तृत सर्वे करवाया गया है।
राज्य में कुल 875 स्पीड ब्रेकर हैं। जिसमें से 378 बिना अनुमति के बने हैं। हम समय समय पर पुलिस की मदद से अवैध ब्रेकर हटवाते हैं, लेकिन स्थानीय प्रतिनिधि फिर बनवा देते हैं।
इसलिए हम अतिशीघ्र स्पीड ब्रेकर से पहले वार्निंग और संकेतक लगवाएंगे। इसी दौरान बतरा ने उनसे समय सीमा तय करने को कहा।
जिसके बाद सुरजेवाला ने अगले 90 दिनों में यह काम पूरा करवाने का आश्वासन दिया है। चर्चा में भाग लेते हुए इनेलो विधायक अशोक अरोड़ा ने जिलेवार आंकड़ा मांगा। मंत्री ने उन्हें आंकड़ा भिजवाने की हामी भर दी है।
इस दौरान भाजपा विधायक दल के नेता ने कहा कि नेशनल हाइवे-1पर काम रुका हुआ है। कई डायवर्जन हैं, कहीं भी संकेतक नहीं लगे हैं। उन्होंने इन स्थानों पर संकेतक लगवाने की मांग की।
कहीं भी ‘केजरीवाल टर्न’ नहीं
अनिल विज ने इस मुददे पर चुटकी लेते हुए कहा कि नेशनल हाइवे-एक पर कहीं भी ‘केजरीवाल साइन’ नहीं है।
जिसके बाद उन्होंने समझाया कि केजरीवाल साइन से मतलब यू टर्न से है। उनके सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि विज साहब ओ राउंड हैं, गोल-गोल घूमते रहते हैं।