खरड़। गांव मछली कलां के पास मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे एसी मैकेनिक को कार सवार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हरभजन सिंह निवासी गांव मछली कलां के रूप में हुई है। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सदर खरड़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धर्मपाल निवासी गांव मछली कलां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फेस 11 में एसी रिपेयर का काम करता है। उसका छोटा भाई हरभजन सिंह भी उसके साथ ही काम करता था। नौ जून को रात करीब पौने बजे वह और उसका भाई अपनी-अपनी मोटरसाइकिल पर मोहाली से घर को जा रहे थे। जब वे अपने गांव मछली कलां के पास पहुंचे तो उसके छोटे भाई की मोटरसाइकिल को पीछे से तेज रफ्तार में आई अज्ञात कार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, उसके भाई को काफी चोटें लगीं। वह उसे इलाज के लिए फेज-6 स्थित अस्पताल में ले गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने उक्त कार के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज करवाया।