खरड़। एक रियल इस्टेट कंपनी अमायरा ग्रुप के खाते से मंगलवार को करीब 32 लाख रुपये दो अलग अलग खातों में ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। अमायरा ग्रुप के पार्टनर और टाउन वेल इंडिया लैंड क्राफ्ट के प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर दीपक गर्ग को जब उनके फोन पर उनके करंट एकाउंट से मंगलवार शाम बैंक की ओर से एक मैसेज आया कि उनके एकाउंट से 11 लाख 92 हजार चार सौ रुपये किसी को आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए गये हैं। डायरेक्टर दीपक गर्ग और कंपनी के सीईओ तजिंदर गर्ग तुरंत यूनियन बैंक बांसो वाली चुंगी की उस ब्रांच में पहुंचे, जहां उनकी कंपनी का करंट एकाउंट था। बैंक में पहुंच कर पता चला कि उनके खाते से किसी मोहम्मद इखलाक के एचडीएफसी बैंक कोलकाता ब्रांच में यह रकम ट्रांसफर की गई है। एक घंटा पहले 19 लाख 96 हजार रुपये की एक और आरटीजीएस के माध्यम से किसी अवतार सिंह नाम के व्यक्ति को रकम ट्रांसफर की गई है। अवतार सिंह का खाता बैंक ऑफ इंडिया गुजरात में है। दीपक गर्ग ने बैंक मैनेजर दलीप अंटाल व एक अन्य महिला स्टाफ शाखा प्रबंधक गुरमीत कौर पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। किसी व्यक्ति ने स्वयं को कंपनी का डायरेक्टर दीपक गर्ग बताकर फोन पर शाखा प्रबंधक गुरमीत कौर से बात की। व्हाट्सएप पर कंपनी के एक जाली लेटर हेड पर नकली हस्ताक्षर करके दो अलग अलग एकाउंट नंबर भेज कर लगभग 32 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर करवा ली। अमायरा कंपनी के प्रबंधकों ने अपने साथ हुई इस ठगी की शिकायत खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उन्हें फ्रीज कर दिया गया है, लेकिन एकाउंट फ्रीज होने से पहले ही ठगों ने करीब 23 लाख रुपये इन खातों से निकल लिए।