फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अबोहर कांड के 4 और आरोपी काबू, मां को आर्थिक सहायता

Wed, 23 Dec 2015 07:36 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, अबोहर/फिरोजपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बहुचर्चित अबोहर कांड के 4 और आरोपी दबोचे गए हैं। दूसरी ओर, मृतक भीम टांक की मां को सांसद ने 5 लाख की आर्थिक सहायता दी।
विज्ञापन


फिरोजपुर रेंज के डीआईजी अमर सिंह चहल, फाजिल्का के एसएपी इंद्रमोहन भट्टी के नेतृत्व में थाना बहाववाला के प्रभारी तेजिंदर पाल सिंह सहित पुलिस पार्टी ने भीम के हाथ-पांव काटने के मुख्य आरोपी रविंदर उर्फ पारी पुत्र अशोक कुमार वासी ठाकुर आबादी के साथ हैप्पी पुत्र शाम लाल चौहान, भीम उर्फ भीमा पुत्र सतपाल चौहान तथा ढाणी कड़ाका सिंह निवासी जस्सू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इन चारों को न्यायाधीश जगजीत सिंह की अदालत में पेश किया गया जहां से इन्हें 29 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अब तक इस मामले में 17 आरोपी काबू किए जा चुके हैं।
विज्ञापन


भीम टांक की मां को सौंपा पांच लाख का चेक
अबोहर गैंगवार में मारे गए भीम टांक के परिवार को होशियारपुर के सांसद व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने बुधवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ संवेदनाएं प्रकट करते हुए मामले की कड़े शब्दों में निंदा की।

खन्ना ने कहा कि वे मामले के सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की सिफारिश करेंगे। उन्होंने कहा कि विगत दिनों यहां आए केंद्रीय सामाजिक सुरक्षा एवं न्याय मंत्री विजय सांपला ने भीम के परिवार को पांच लाख के अर्थिक सहयोग की घोषणा की थी जो डा. अंबेडकर फाउंडेशन की ओर से यह चेक भीम की माता को सौंपा गया है।

भीम के परिजनों ने खन्ना से मांग की है कि उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी के साथ ही उन्हें एक करोड़ रुपये की सरकारी सहायता दी जाए। खन्ना ने कहा कि वे इसकी सिफारिश मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से करेंगे। ऐसे संवेदनशील मामलों में नेताओं को राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजपा हमेशा ही इस परिवार के साथ रही है और पीड़ितों को न्याय दिलाने तक परिवार का साथ देती रहेगी।

डोडा की गिरफ्तारी के बाद होगी भीम की अंतिम अरदास
भीम हत्याकांड मामले में नामजद शिव लाल डोडा को गिरफ्तार न करने के कारण बुधवार को वाल्मीकि समाज से संबंधित पांच जिलों फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मोगा की सफाई सेवक यूनियनों द्वारा नगर परिषद कार्यालय के समक्ष रोष धरना दिया।

इस मौके पर यूनियन नेताओं ने कहा कि पुलिस अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार की शह पर डोडा को गिरफ्तार नहीं कर रही। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक शिव लाल डोडा की गिरफ्तारी नहीं होती सफाई कर्मचारियों में रोष बढ़ता जाएगा।

उन्होंने मांग उठाई कि सरकार डोडा की जल्द गिरफ्तारी करे। पीड़ित परिवार को एक करोड़ और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दे। इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए गठित संघर्ष कमेटी के सदस्य धर्मवीर मलकट ने कहा कि जब तक उक्त दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक मृतक भीम की अंतिम अरदास नहीं की जाएगी।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में डोडा को गिरफ्तार नहीं कर रही, लेकिन दलित समुदाय का गुस्सा तब तक शांत नहीं होगा जब तक आरोपी चाचा-भतीजा को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता। दोनों की गिरफ्तारी के पश्चात ही मृतक भीम की अंतिम अरदास की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें