चंडीगढ़। पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज (पीजीजीसी) सेक्टर-11 के छात्र परिषद के चुनाव में वीरवार को एचएसए के अभिमन्यु मान अध्यक्ष, सीवाईएसएस के रिपुदमन सिंह उपाध्यक्ष, एचपीएसयू के पीयूष जनरल सेक्रेटरी और एचसएसए की कीर्ति को ज्वाइंट सेक्रेटरी चुना गया। वीरवार सुबह 9.30 से दोपहर एक बजे तक वोटिंग हुई। दोपहर बाद 3 बजे परिणाम घोषित किए। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बीए तृतीय वर्ष के छात्र अभिमन्यु मान को कुल 1254 वोट पड़े। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी बीए तृतीय वर्ष के छात्र सीवाईएसएस के उम्मीदवार रिपुदमन सिंह को 1100 वोट पड़े। जनरल सेक्रेटरी के पद पर बीए द्वितीय वर्ष के छात्र एचपीएसयू के पीयूष को 1289 वोट मिले। वहीं, ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद पर एचसएसए की कीर्ति को कुल 297 वोट मिले। इस बार छात्र परिषद के चुनाव में लड़कियाें ने 46 प्रतिशत और लड़कों ने 54 प्रतिशत वोट मतदान किया। छात्र परिषद के चुनाव में कुल 68.7 प्रतिशत वोटिंग हुई।