सदन में भिड़े अभय-दुष्यंत, शराब के लिए प्लास्टिक की बोतल बंद करने पर तीखी बहस
अभय बोले : माफिया को पनाह देने का आरोप करें साबित, छोड़ दूंगा राजनीतिअमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बजट पर चर्चा के दौरान इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला में तीखी बहस हुई। अभय ने आरोप लगाया कि शराब के लिए प्लास्टिक की बोतलें बंद करके कांच की बोतलें लागू करके माफिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। पलटवार करते हुए भतीजे डिप्टी दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, दो नंबर का काम रोकने के लिए पाॅलिसी बनाई है, सब जानते हैं कि कौन किसे पनाह देता है। इस पर चाचा अभय चौटाला ने कहा, अगर कोई माफिया को पनाह की बात बात कर दें, तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
अभय ने कांच की बोतल में शराब बिक्री पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे देश में प्लास्टिक की बोतलों में शराब की बिक्री होती है, लेकिन शराब माफिया को बढ़ावा देने के लिए नई पाॅलिसी तैयार की गई है। एक महिला का नाम लेकर अभय ने आरोप लगाया कि वह खुद को मंत्री की बुआ बताती है और कांच को बोतलों के लिए लाॅबिंग कर रही है। मंत्री दावा करते हैं कि वह पारदर्शिता के लिए पाॅलिसी लाए हैं, अगर ऐसा है तो शराब घोटाले की जांच की रिपोर्ट सदन के सामने रखें, इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
जवाब में दुष्यंत चौटाला ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि, अगर कोई मेरी बुआ लगती है तो इनकी तो बहन लगी। 29 फरवरी के बाद राज्य में प्लास्टिक की बोतलों में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। यह कदम राज्य सरकार की आबकारी नीति का पार्ट था ताकि प्रदेश में अवैध तौर पर बिक्री होने वाली शराब पर रोक लग सके।