कुुरुक्षेत्र में नेताओं द्वारा गेहूं काटने और गेहूं की बोरी ढोने पर कसा तंज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से आप के प्रत्याशी डाॅ. सुशील गुप्ता द्वारा गेहूं काटने और भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल द्वारा गेहूं की बोरी उठाने को लेकर इनेलो प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला ने दोनों नेताओं पर निशाना साधा है। चौटाला ने इसे ड्रामा करार देते हुए कहा है कि अगर डाॅ. गुप्ता किसान हैं तो वह मेरे खेत में खड़ी एक एकड़ गेहूं की फसल को काटकर दिखाएं। इसी प्रकार जिंदल मंडी में हमारी आढ़ती की दुकान पर गेहूं की बोरियां ढोकर दिखाएं। इसके बदले वह दोनों नेताओं को मुंह मांगी कीमत देने को तैयार हैं।
यहां पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए चौटाला ने कहा कि ये दोनों नेता ढोंग कर रहे हैं। सभी को पता है कि नवीन जिंदल और सुशील गुप्ता बहुत बड़े पूंजीपति हैं और यह नौटंकी सिर्फ गरीब और भोले भाले किसानों और मजदूरों के वोट लेने के लिए की जा रही है। अगर इतने ही किसानों के हितैषी हैं तो किसान आंदोलन के समय ये कहां थे। फोटो खिंचवाने से कोई किसान और मजदूर नहीं हो सकता। किसान और कमेरे वर्ग की लड़ाई शुरू से ही इनेलो ने लड़ी है और आज भी किसानों के लिए लड़ रहे हैं। चौटाला ने कहा कि सुशील गुप्ता को जौ और गेहूं के खेत में खड़ा करके पूछोगे तो वो जौ और गेहूं में अंतर नहीं बता पाएंगे। वहीं भाजपा ने जो दस उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं उनमें से 6 तो उधार के हैं। 400 सीट जीतने का दावा करने वाली भाजपा 200 सीट भी नहीं जीत पाएगी।
वहीं, हिसार में ताऊ देवीलाल परिवार के तीन सदस्य आमने-सामने होने के सवाल पर कहा कि प्रजातंत्र है, सभी को चुनाव लड़ने का हक है। यह तो हिसार की जनता तय करेगी कि वह किसके सिर पर जीत का ताज रखेगी। लेकिन हमने पहले से ही सुनैना चौटाला को हिसार से चुनाव लड़ाने का एलान किया हुआ था।