सीएम सैनी के बाद दुष्यंत चौटाला पर अभय चौटाला ने बोला हमला
कांग्रेस नेताओं के लिए बोले- उनका जनता से कोई सरोकार नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को लेकर दिए गए जांच के बयान के बाद इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने हमला बोला है। अभय ने सोमवार को कहा कि इनेलो शुरू से भ्रष्टाचार के मामलों को विधानसभा से लेकर जनता की अदालत तक में उठाता रहा है। अगर सरकार में दम है तो रजिस्ट्री घोटाला और शराब घोटाले की रिपोर्ट सार्वजनिक करे। इन दोनों ही मामलों की जांच हो चुकी हैं और इसके लिए न तो अर्जी देने की जरूरत है और न ही जांच की।
अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि कोई अर्जी आएगी तो दुष्यंत के खिलाफ जांच करेंगे, लेकिन जो जांच हो चुकी हैं वही सरकार दबाए बैठी है। आज भी ये लोग भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। अब ये दोनों एक दूसरे पर भड़ास निकाल रहे हैं। चौटाला ने आरोप लगाया कि ऐसे 19 घोटाले हैं जिनमें सरकार शामिल है। जजपा से नेताओं के इस्तीफे पर उन्होंने कहा कि हमने तो पांच साल पहले कहा था कि जजपा का नाम लेने वाला कोई नहीं बचेगा। आज उसका नाम कोई नहीं ले रहा। भाजपा ने किसानों को दिल्ली नहीं जाने दिया, अब किसान भाजपा नेताओं को गांव में घुसने नहीं दे रहे। अभय ने कांग्रेस को लेकर कहा कि आपस में ही जूता परेड जारी है। एक दूसरे का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं का लोगों से कोई सरोकार नहीं है।