अगर जुनून हो, तो इंसान के लिए कोई भी मंजिल पाना मुश्किल नहीं है। यह बात आम आदमी पार्टी के कौशिक श्रीवास्तव पर पूरी तरह से सटीक बैठती है। जिन्होंने पार्टी प्रचार के लिए साइकिल पर 12 हजार किलोमीटर का रास्ता तय किया है।
अमर उजाला से बातचीत में श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने छह और साथियों के साथ एक जनवरी 2014 को झांसी से चले थे, रास्ते में बाकी साथी बीमार पड़ते गए और उन्हें यह अभियान बीच में ही छोड़ना पड़ा। लेकिन वह हारे नहीं.
वह झांसी, मध्यप्रदेश, यूपी, बिहार, झारखंड, बंगाल, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से वाया नागपुर होते हुए आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, गोवा, महाराष्ट्र, दमन और गुजरात, उदयपुर, जयपुर, शिकार, हिसार, गंगानगर से बठिंडा, संगरूर होते हुए शनिवार शाम पटियाला पहुंचे हैं।
वह अपनी साइकिल यात्रा के जरिए पार्टी का प्रचार तो कर ही रहे हैं। वह अब तक आप की 10 हजार टोपियां लोगों में बांट चुके हैं और लोगों को आप के हक में वोट डालने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 17 अप्रैल को अपनी साइकिल यात्रा समाप्त कर देंगे। श्रीवास्तव ने डॉ. गांधी को मिलकर उनकी जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।