चीमा ने कहा कि भाजपा पंजाब में हमारे 55 विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। 55 विधायकों को 25 करोड़ के हिसाब से जोड़ें तो 1375 करोड़ बनते हैं। अगर हम सारे पैसे को जोड़ दें तो करीब 2,200 करोड़ रुपये भाजपा ने आप सरकार को गिराने के लिए रखे हैं। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा वाले बताएं कि इतने पैसे कहां से आए? क्या इस महा घोटाले की जांच करने की हिम्मत सीबीआई और ईडी दिखाएगी?
आरोप बेबुनियाद एवं निराधार: अश्वनी शर्मा
पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पंजाब सरकार गिराने की साजिश के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनावी वादे पूरे नहीं कर पा रही है। इस वजह से वह आरोप लगा रही है। भगवंत मान द्वारा पिछले पांच महीनों में अभी तक 12,000 करोड़ से अधिक का कर्जा विभिन्न ब्याज दरों पर लिया जा चुका है। झूठ की बैसाखियों के सहारे पंजाब की सत्ता हासिल करने वाले भगवंत मान को पंजाब में सरकार चलाना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि जनता उनसे जवाब मांगती है।