चंडीगढ़। शहर में मेयर चुनाव से शुरू हुआ विवाद अभी थमा नहीं है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने सेक्टर-39 में संयुक्त प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष व आप पार्षद दमनप्रीत सिंह को खरीदने की कोशिश की। आप ने कुछ वीडियो भी सार्वजनिक किए, जिसमें भाजपा की एक वरिष्ठ महिला नेता नजर आ रहीं हैं। वह दमनप्रीत से पार्टी के एक बड़े नेता से बात कराने का दावा करती नजर आ रहीं हैं।प्रेसवार्ता में आप चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और आप के नए मेयर कुलदीप कुमार मौजूद रहे। अहलूवालिया ने कहा कि भाजपा तो मेयर का चुनाव ही नहीं कराना चाहती थी क्योंकि उसे पता था कि कांग्रेस और आप के पास 20 पार्षद हैं और उनके पास सिर्फ 15 थे। बहुत मुश्किल से 18 जनवरी को चुनाव कराने की घोषणा की गई। चुनाव के लिए भाजपा के नामित पार्षद अनिल मसीह को पीठासीन अधिकारी बनाया गया, जो चुनाव के दिन ही बीमार पड़ गए और चुनाव को अनिश्चित समय के लिए टाल दिया गया।
किसी तरह हाईकोर्ट के आदेश पर चुनाव हुए लेकिन उसमें गड़बड़ी कर दी गई। कहा कि भाजपा लगातार उनके पार्षदों को खरीदने की कोशिश करती रही। अहलूवालिया ने भाजपा की महिला नेता का वीडियो जारी कर कहा कि यह सबूत है कि भाजपा ने पार्षदों को खरीदने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि महिला नेता ने नेता प्रतिपक्ष दमनप्रीत सिंह को ही खरीदने की कोशिश की। अहलूवालिया ने वह वीडियो दिखाया जिसमें महिला नेता दमनप्रीत को भाजपा में आने के लिए प्रलोभन देती नजर आ रहीं हैं। अहलूवालिया ने कहा कि महिला नेता ने अपने बेटे से भी दमनप्रीत सिंह की बात करवाई और कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता से उनकी मुलाकात करवाएंगे। हालांकि भाजपा इन आरोपों पर कुछ भी कहने से बच रही है।
अहूलालिया बोले-सुप्रीम कोर्ट ने किया न्याय
डॉ. अहलूवालिया ने कहा कि मेयर बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कोई भी तिकड़म नहीं छोड़ा। उन्होंने हर हथकंडे अपना लिए लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनके गलत मंसूबे पर पानी फेर दिया। भाजपा द्वारा नियुक्त पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह ने जानबूझकर आठ वोट रद्द कर दिए और अल्पमत के बावजूद भाजपा का मेयर घोषित कर दिया लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने न्याय किया है। कोर्ट का यह फैसला लोकतंत्र को मजबूत बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से सही मायने में लोकतंत्र की जीत हुई है। कांग्रेस चंडीगढ़ अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया और कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने साबित कर दिया कि जीत अंततः सत्य की ही होती है। आज लोकतंत्र की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से लोकतंत्र में आस्था रखने वाले देश-विदेश में बसे सभी भारतीयों को खुशी मिली है।