आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल पार्टी में जान फूंकने के मकसद से पंजाब आएंगे। वह दिसंबर में पंजाब के वॉलंटियरों से रू-ब-रू होंगे। दौरे का मकसद निचले स्तर के वर्करों में जोश भरना है।
आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई दिसंबर 2015 में एक बड़ी वॉलंटियर मीट का आयोजन करने जा रही है। इसमें हाल ही में पूरे पंजाब में नियुक्त किए गए बूथ लेवल वॉलंटियरों को विशेष तौर पर बुलाया जाएगा। इसके अलावा सूबे के सभी बड़े नेता इस मीटिंग में मौजूद रहेंगे। मीटिंग के दौरान केजरीवाल निचले स्तर के कैडर को मोटिवेट करेंगे।
ताकि वे दिल्ली की तर्ज पर अपने इलाकों में घर-घर जाकर लोगों को पार्टी के पक्ष में लामबंद कर सकें। आप के प्रदेश नेतृत्व को उम्मीद है कि केजरीवाल के संबोधन के बाद बूथ लेवल वॉलंटियर और ज्यादा जोश से काम करेंगे।
पार्टी की सारी चुनावी उम्मीदें फिलहाल बूथ लेवल पर गठित की गई टीमों पर ही हैं। पार्टी की योजना यहां भी दिल्ली चुनाव की तरह एक-एक घर को जोड़ने की हैं।