चंडीगढ़। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने नाकों और पेट्रोलिंग को धत्ता बताकर पिछले चार साल से शहर में हेरोइन सप्लाई करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। राजस्थान के रहने वाले तीनों युवक ट्राइसिटी में रोजाना 40 से 50 ग्राम हेरोइन सप्लाई कर रहे थे। जांच के दौरान पता चला कि तीनों आरोपी ट्राइसिटी में जोमेटो हेरोइन डिलिवरी ब्वॉयज के नाम से मशहूर हैं। इस गिरोह का नाम भी जोमेटो है। राजस्थान के गंगानगर निवासी ओमप्रकाश (22) से 21.21 ग्राम, सतीश कुमार उर्फ सोनू (22) से 15.7 ग्राम और विकास (20) से 16.3 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। सतीश कुमार पर पहले भी सेक्टर 34 थाने में 5 सितंबर, 2021 को 3 अप्रैल, 2021 को दर्ज अपहरण केस में पकड़ा जा चुका है और वह लगभग 45 दिन बुड़ैल जेल में रहा था। उस मामले का ट्रायल लंबित है। जानकारी के मुताबिक थाना पुलिस टीम बीते 23 जून को सेक्टर 46 में पेट्रोलिंग कर रही थी। वाहनों की चेकिंग के दौरान सेक्टर 46-47/48-49 चौक की ओर से दो मोटरसाइकिल आईं। इन पर तीन युवक थे। पुलिस को देख भागने लगे युवकों की दोनों मोटरसाइकिल आपस में टकरा गईं। पुलिस ने इन्हें शक के आधार पर काबू कर कब्जे से हेरोइन बरामद की। पुलिस तीनों से पूछताछ में जुटी है। पुलिस आरोपियों से गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी समेत ड्रग के सोर्स और आगे इनके ग्राहकों का पता लगाने में जुटी है।