आप ने एसजीपीसी के पूर्व सदस्य अमरजीत चावला पर दुष्कर्म मामले में एसजीपीसी से जवाब मांगा। आरोप है कि महिला को एसजीपीसी खाते से एक लाख रुपये दिए गए। पुलिस जांच कर रही है।
बहरीन की महिला से दुष्कर्म के आरोप में नामजद एसजीपीसी के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला के मामले में आम आदमी पार्टी ने एसजीपीसी और शिरोमणि अकाली दल से जवाब मांगा है। आप के प्रदेश मीडिया सचिव बलतेज पन्नू ने दावा किया कि करीब आठ महीने एसजीपीसी की सराय में ठहरी महिला के खाते में एसजीपीसी सचिव के नाम से खोले गए खाते से एक लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
विज्ञापन
प्रेसवार्ता में पन्नू ने भुगतान से संबंधित दस्तावेज दिखाने का दावा करते हुए कहा कि 23 जुलाई को पंजाब नेशनल बैंक के खाते से महिला के खाते में राशि भेजी गई। उन्होंने एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी से पूछा कि भुगतान किस उद्देश्य से किया गया, इसे किसने मंजूरी दी और किस मद में दर्ज किया गया। साथ ही, महिला को सराय में रखने की अनुमति देने वाले व्यक्ति के
बारे में भी जवाब मांगा।
पन्नू ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और सांसद हरसिमरत कौर बादल समेत पार्टी नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए। हालांकि, महिला के खाते में राशि ट्रांसफर किए जाने और उससे जुड़े अन्य आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उधर, पुलिस ने चावला के खिलाफ जांच तेज कर दी है। पुलिस उनके ड्राइवर के बाद परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।